CG News: जशपुर की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन, मनरेगा से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिली नई गति
CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर रोजगार की मांग दर्ज कराई और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

रोजगार पंजीयन और जॉब कार्ड अपडेट
रोजगार दिवस के दौरान विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों को मनरेगा के अंतर्गत रोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही नए जॉब कार्ड बनाए गए और पुराने जॉब कार्डों का अद्यतन किया गया। ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
जल संरक्षण कार्यों से मिल रहा रोजगार
कार्यक्रम में मनरेगा के तहत चल रहे जल संरक्षण कार्यों जैसे सोक पिट, कंटूर ट्रेंच, वाटर एब्जॉर्प्शन ट्रेंच, नवा तरिया, आजीविका डबरी, तालाब निर्माण और वृक्षारोपण की जानकारी दी गई। इन कार्यों से न केवल रोजगार मिल रहा है, बल्कि भू-जल स्तर में भी सुधार हो रहा है।
विकास और आजीविका दोनों को बढ़ावा
इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्तर में सुधार, कृषि उत्पादन में वृद्धि और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने में मदद मिल रही है। मनरेगा के माध्यम से विकास और आजीविका सशक्तिकरण का लक्ष्य मजबूत हो रहा है।
महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए गए, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है, जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि हर इच्छुक ग्रामीण परिवार को समय पर रोजगार मिले और ग्राम स्तर पर विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़े। रोजगार दिवस ग्रामीणों के लिए जानकारी, समाधान और अवसर का प्रभावी मंच बनकर उभरा है।


