CG News: मुख्यमंत्री साय का कड़ा संदेश: सुशासन तिहार में लापरवाही और अशिष्ट व्यवहार पर दुर्ग जनपद CEO निलंबित
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में हुए विवाद को गंभीरता से लिया है। आम जनता से अशिष्ट व्यवहार और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री साय का स्पष्ट संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सुशासन व्यवस्था में जवाबदेही सर्वोपरि है और जनता से अशिष्ट व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा। उनके निर्देश के बाद संभागायुक्त दुर्ग ने तत्काल निलंबन आदेश जारी किया।
विवाद कैसे शुरू हुआ?
यह पूरा मामला ग्राम थनौद में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर का है, जहां एक वीडियो क्लिप वायरल हुई थी। इसमें जनपद CEO रूपेश कुमार पांडेय पर आम जनता से अशिष्ट व्यवहार करने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे।
आचरण नियमों का उल्लंघन
संभागायुक्त कार्यालय की जांच में सामने आया कि अधिकारी का व्यवहार छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 और 3-क का उल्लंघन है। नोटिस जारी करने के बाद भी उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
कानून और नियमों का उल्लंघन
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि हर शासकीय कर्मचारी का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करे। किसी भी स्थिति में जनता के साथ अशिष्ट व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जा सकता, संभागायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार रूपेश कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।




