CG News: ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की गूंज, मुख्यमंत्री साय ने बताया गर्व और प्रेरणा का क्षण
CG News: रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर प्रदेशभर से आए लोगों ने भी सहभागिता की।

छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय मंच पर उजागर
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस बार का ‘मन की बात’ छत्तीसगढ़ के लिए विशेष रूप से गर्व और प्रेरणा से भरा रहा, क्योंकि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मंच से प्रदेश की प्रतिभाओं और सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख कर पूरे राज्य का सम्मान बढ़ाया है।

युवा धावक ने बढ़ाया प्रदेश का मान
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जशपुर जिले के घुइटांगर गांव के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ मात्र 10.15 सेकंड में पूरी कर राष्ट्रीय स्तर पर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई किया है।

खेलों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और नई सोच
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना पर दिए गए संदेश को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि यह सोच भारत में नई खेल संस्कृति को मजबूत कर रही है और युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ा रही है।
मल्हार की प्राचीन धरोहर का उल्लेख
‘मन की बात’ में बिलासपुर जिले के मल्हार क्षेत्र में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का भी उल्लेख किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए महत्वपूर्ण बताया। यह खोज लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही है, जो राज्य की समृद्ध विरासत को दर्शाती है, मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी खोजें नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
छत्तीसगढ़ के लिए दोहरी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर जहां प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य की ऐतिहासिक धरोहरें भारत के गौरवशाली अतीत को उजागर कर रही हैं। यह दोनों ही पहलू छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत हैं, इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के चेयरमैन श्री दीपक म्हस्के सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।



