CG News: प्रदेश में सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए सख्त कदम, ब्लैक स्पॉट सुधार और EV चार्जिंग नेटवर्क विस्तार पर जोर
CG News: प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक कदम तुरंत और प्रभावी तरीके से लागू किए जाएं। मंत्रालय में आयोजित सड़क सुरक्षा बैठक में उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
ब्लैक स्पॉट पर होगी नियमित निगरानी
मुख्य सचिव ने कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और वहां सड़क संरचना में जरूरी सुधार तत्काल किए जाएं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
केंद्र की योजनाओं की समीक्षा
बैठक में सुप्रीम कोर्ट और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा की गई। साथ ही राज्य सड़क सुरक्षा कोष, पीएम राहत योजना और पीएम ई-ड्राइव योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
EV चार्जिंग स्टेशन विस्तार पर फोकस
मुख्य सचिव ने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्थानों पर ई-चार्जिंग स्टेशन की स्थापना तेजी से पूरी की जाए। वर्तमान में प्रदेश में 150 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जिन पर सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है।
सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस इलाज
मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तुरंत और कैशलेस उपचार मिलना बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत यह सुविधा दी जा रही है। अब तक 282 मामलों में घायलों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने स्वास्थ्य, पुलिस, परिवहन और जिला प्रशासन को मिलकर संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए।




