CG News: सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री साय का बड़ा संदेश, पीएम सूर्य घर और स्वामित्व योजना अपनाने की अपील
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत रायपुर जिले के आरंग विकासखंड स्थित ग्राम कोसरंगी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
“सरकार जनता के बीच पहुंच रही”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार 10 जून तक चलेगा, जिसके तहत अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल योजनाएं बनाकर नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर काम कर रही है, मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार बनने के बाद प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, ताकि गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हो सके।
पीएम सूर्य घर योजना का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत ग्रामीणों को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे बिजली बिल कम होगा और अतिरिक्त बिजली बेचकर ग्रामीण अतिरिक्त आय भी कमा सकेंगे, उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ में सूरज केवल रोशनी नहीं, बल्कि नई संभावनाएं लेकर आया है।”
किसानों को सौर सुजला योजना की जानकारी
मुख्यमंत्री ने किसानों को सौर सुजला योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आधुनिक और किफायती सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
स्वामित्व योजना के तहत बांटे पट्टे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के तहत छह हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए। इनमें रूपचंद साहू, जीवराखन साहू, गोविंदराम साहू, हीरालाल साहू, रघुराम और गीताबाई साहू शामिल रहे, मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार मिल रहा है, जिससे बैंक ऋण लेने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उठाने में आसानी होगी।
युवाओं को किया प्रेरित
कार्यक्रम में मौजूद गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने की अपील की, चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया गया।




