CG News: खाद गबन मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर शाखा प्रबंधक निलंबित
CG News: छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के दौरान भ्रष्टाचार और लापरवाही पर लगातार सख्त कार्रवाई देखने को मिल रही है। अब कोरिया जिले में खाद वितरण में गबन और अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिला सहकारी बैंक ने प्रभारी शाखा प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
कोरिया जिले की जिल्दा समिति, खड़गंवा में खाद वितरण से जुड़ी गड़बड़ी और गबन की शिकायतें सामने आई थीं, मामले की समीक्षा और जांच के दौरान यह पाया गया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने में गंभीर लापरवाही बरती गई। इसके बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाया।
किस अधिकारी पर हुई कार्रवाई?
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सहायक लेखापाल और प्रभारी शाखा प्रबंधक कल्लु प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शाखा बैकुंठपुर, जिला कोरिया निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने दिखाया सख्त रुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साफ संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सुशासन तिहार के दौरान मिल रही शिकायतों पर सरकार लगातार त्वरित कार्रवाई कर रही है और जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जा रही है।
“पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता”
राज्य सरकार का कहना है कि प्रदेश में पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है, इसी वजह से शिकायत सामने आते ही प्रशासनिक और संस्थागत स्तर पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आम जनता का भरोसा शासन पर और मजबूत हो सके।




