CG News: प्रदेशभर में अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती, खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई
CG News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग का सघन अभियान लगातार जारी है। केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला स्तरीय जांच दल विभिन्न खनन क्षेत्रों में निरंतर निगरानी कर रहे हैं और अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
शिवनाथ नदी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
इसी क्रम में बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम उदईबंध और अमलडीहा क्षेत्र में शिवनाथ नदी में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया। केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मध्यरात्रि औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
तीन चैन माउंटेन मशीनें जप्त
जांच के दौरान मौके पर तीन चैन माउंटेन मशीनें अवैध रेत उत्खनन में संलग्न पाई गईं। टीम को देखकर मशीन ऑपरेटर मौके से फरार हो गए। खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों मशीनों को जप्त कर सील कर दिया।
कानूनी कार्रवाई और नोटिस जारी
खनिज विभाग ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए मशीनों को जब्त किया। साथ ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसे मशीनों के मुख्य द्वार पर चस्पा किया गया है।
राजस्व सुरक्षा और सख्त संदेश
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और अवैध कारोबार पर पूर्ण रोक लगाना है।



