CG News: छत्तीसगढ़ में शुरू होगी महिला नेतृत्व वाली हरित ऊर्जा क्रांति
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को ऊर्जा क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी ‘द्वीप्ति योजना’ को मंजूरी दे दी है। वर्ष 2026 से 2031 तक लागू होने वाली यह योजना प्रदेश में महिला नेतृत्व आधारित हरित ऊर्जा मॉडल तैयार करेगी, योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा प्रणालियों के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन में प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे गांवों में ऊर्जा क्रांति की अगुवाई कर सकें।
‘सोलर दीदी’ बनेंगी गांवों की ऊर्जा प्रबंधक
योजना के अंतर्गत प्रत्येक गांव में ‘सोलर दीदी’ यानी ऊर्जा सखी का विशेष कैडर तैयार किया जाएगा। चयनित महिलाओं को सोलर सिस्टम की स्थापना, संचालन और तकनीकी मरम्मत का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ये सोलर दीदी गांवों में सोलर मिल, सिंचाई व्यवस्था, कोल्ड स्टोरेज और अन्य ऊर्जा परियोजनाओं का संचालन संभालेंगी। इससे दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
ऊर्जा संपत्तियों का संचालन
क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) को महिला ऊर्जा सहकारी समितियों के रूप में विकसित किया जाएगा। ये समितियां सामूहिक रूप से ऊर्जा संपत्तियों का संचालन करेंगी और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से भी जुड़ेंगी, महासमुंद और बस्तर जिले के कई CLF पहले ही अधिकृत विक्रेता के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं। राज्य स्तर पर उपकरणों की थोक खरीद से लागत कम होगी, जबकि स्थानीय स्तर पर महिलाएं बिक्री और सर्विसिंग का कार्य करेंगी।
‘Pay-as-you-go’ मॉडल से सस्ती मिलेगी ऊर्जा
ग्रामीण उपभोक्ताओं को सस्ती और आसान ऊर्जा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए योजना में ‘पे-पर-यूज’ और ‘पे-एज़-यू-गो’ मॉडल लागू किया जाएगा। यानी उपभोक्ता जितनी ऊर्जा का उपयोग करेंगे, उतना ही भुगतान करेंगे, महिला ऊर्जा समितियों को मजबूत करने के लिए पंचायतों के रखरखाव अनुबंधों में 25 प्रतिशत कार्य विशेष रूप से इनके लिए आरक्षित किए गए हैं।
‘बिहान’ नेटवर्क के जरिए होगा बड़ा विस्तार
योजना का संचालन राज्य के प्रसिद्ध ‘बिहान’ नेटवर्क के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के लगभग 2.7 लाख स्व-सहायता समूहों की भागीदारी होगी, तकनीकी सहयोग से तैयार यह मॉडल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा देगा।
महिलाएं बनेंगी ऊर्जा क्षेत्र की नेता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘द्वीप्ति योजना’ ग्रामीण महिलाओं को ऊर्जा क्षेत्र में उपभोक्ता से मालिक और प्रबंधक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है, उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है और इस बदलाव का नेतृत्व राज्य की ‘सोलर दीदियां’ करेंगी।



