CG News: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: मुख्यमंत्री साय
CG News: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
प्रदेश में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जा रही है, उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और ऑयल कंपनियां लगातार समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, इसलिए लोगों को किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
सरकार स्थिति पर रख रही नजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने पहले से जरूरी तैयारियां सुनिश्चित की हैं, उन्होंने साफ किया कि ईंधन आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है और प्रदेश में सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रही है।
अफवाहों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से अनावश्यक खरीदारी और ईंधन का अतिरिक्त भंडारण नहीं करने की अपील की है, उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें।
जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय देने की अपील की, उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग और समझदारी से प्रदेश सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था लगातार सुचारू बनी रहेगी।



