CG News: पीएलएफएस 2025 रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि, बेरोजगारी दर केवल 2.3 प्रतिशत
CG News: भारत सरकार द्वारा जारी पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) 2025 के आंकड़ों में छत्तीसगढ़ ने रोजगार के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य की बेरोजगारी दर केवल 2.3 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से कम मानी जा रही है, यह उपलब्धि प्रदेश की रोजगारोन्मुखी नीतियों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था बनी मजबूती की वजह
प्रदेश में कृषि, वनोपज और ग्रामीण आजीविका आधारित गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया गया है। किसानों, ग्रामीणों और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, वनोपज खरीदी, स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन, कुटीर उद्योगों का विस्तार और स्थानीय रोजगार योजनाओं ने गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
युवाओं और महिलाओं को मिल रहे अवसर
राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे कौशल विकास और स्वरोजगार कार्यक्रमों का लाभ बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं उठा रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं और पलायन में भी कमी देखने को मिली है, सरकार का फोकस केवल नौकरी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को स्थायी आय और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर भी है।
नई औद्योगिक नीति से बढ़े रोजगार
प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विस्तार को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति लागू की गई है। इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं, राज्य में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। साथ ही उद्यमिता और कौशल उन्नयन कार्यक्रमों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर युवा, किसान, महिला और श्रमिक को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि रोजगार और विकास के अवसर लगातार बढ़ाए जा रहे हैं ताकि आर्थिक प्रगति का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।



