CG News: बिलासपुर की शिविका पांडेय बनीं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियन, दर्द में भी जीता गोल्ड
CG News: रायपुर के सरोना स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल के स्केटिंग ग्राउंड में 9 और 10 मई 2026 को प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रोलर स्पोर्ट्स रैंकिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राज्यभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

बिलासपुर की शिविका पांडेय बनीं चैंपियन
इस प्रतियोगिता में बिलासपुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिविका पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने आयु वर्ग में राज्य स्तरीय चैंपियन का खिताब हासिल किया।
चोट के बावजूद नहीं मानी हार
शिविका पांडेय ने 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की ट्वॉय इनलाइन स्केट स्पर्धा में भाग लिया। 9 मई को 400 मीटर रेस के दौरान वे गंभीर रूप से चोटिल हो गई थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने रेस पूरी कर कांस्य पदक जीता, इसके बाद अगले ही दिन चोट और दर्द के बावजूद उन्होंने 200 मीटर रेस में भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
ओवरऑल चैंपियन बनीं शिविका
अपने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर शिविका पांडेय ने अपने आयु वर्ग में ओवरऑल चैंपियन का खिताब भी हासिल किया, जिससे बिलासपुर का नाम गौरवान्वित हुआ, शिविका बिलासपुर स्थित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 6वीं की छात्रा हैं और रॉयल स्केटिंग क्लब में नियमित प्रशिक्षण लेती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है।
परिवार का योगदान
शिविका के माता-पिता चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हैं। उनकी माता डॉ. श्वेता पांडेय आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं, जबकि पिता डॉ. विद्या भूषण पांडेय बाल रोग विभाग में विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं, चोट के बावजूद गोल्ड जीतकर शिविका पांडेय ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और आत्मविश्वास के आगे हर कठिनाई छोटी पड़ जाती है। उनकी यह सफलता आने वाले खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।




