CG News: जांजगीर में तरबूज खाने के बाद बच्चे की मौत से हड़कंप, 3 अन्य बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी
CG News: जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट में तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत और तीन अन्य बच्चों के बीमार होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने पूरे मामले में तत्काल संज्ञान लिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित एसडीएम को तुरंत जिला अस्पताल और गांव भेजा गया। प्रशासन ने मेडिकल टीम को प्रभावित परिवार और गांव के अन्य लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार को भी पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है, सिविल सर्जन एस. कुजूर ने बताया कि बच्चों ने तरबूज और चिकन खाने के बाद तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जांच के लिए भेजे गए सैंपल
प्रशासन ने संबंधित तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके, जिला प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी अन्य व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर तुरंत उपचार मिल सके।




