CG News: मुंगेली में मुख्यमंत्री साय का दौरा, 353 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुंगेली पहुंचे। कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर उन्होंने मंच से जनता से क्षमा याचना की और बताया कि लगातार जिलों के दौरे के कारण कार्यक्रम में विलंब हुआ।

जनसमस्याओं और विकास पर मुख्यमंत्री का जवाब
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी पात्र नागरिकों को नजुल भूमि का पट्टा देने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों की मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।

रेल परियोजनाओं पर बड़ा बयान
मुंगेली में रेल लाइन की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे बजट में कई गुना वृद्धि हुई है। छत्तीसगढ़ में लगभग 47 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं चल रही हैं और 32 रेलवे स्टेशन विश्वस्तरीय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के हर जिले तक रेल सुविधा पहुंचेगी।

शिक्षा व्यवस्था पर सरकार का फोकस
शिक्षकों के प्रशिक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मुंगेली जिले का परीक्षा परिणाम काफी बेहतर रहा है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सुधार कार्य जारी रहेंगे।

विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने मुंगेली जिले के लिए 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें सड़क, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन, शिक्षा, भवन निर्माण और अन्य कई परियोजनाएं शामिल हैं, कार्यक्रम में 152 करोड़ रुपये के 284 कार्यों का लोकार्पण और 201 करोड़ रुपये के 130 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया।
महापुरुषों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर, गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा की प्रतिमाओं का अनावरण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्श समाज को दिशा देते हैं।
नई घोषणाएं भी की गईं
मुख्यमंत्री ने वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, बाउंड्रीवाल, सीसी रोड और चिकित्सा महाविद्यालय को लेकर भी सकारात्मक आश्वासन दिया, इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।




