CG News: ‘वंदे मातरम्’ को वैधानिक संरक्षण मिलने पर CM साय बोले- यह राष्ट्र की आत्मा का सम्मान
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है, मुख्यमंत्री ने इसे राष्ट्रभावना, सांस्कृतिक चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
“राष्ट्र की आत्मा का सम्मान”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 में संशोधन प्रस्ताव को मंजूरी मिलना हर भारतीय के लिए गर्व और आत्मसम्मान का विषय है।

स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान ‘वंदे मातरम्’ ने देशवासियों में नई ऊर्जा और आत्मबल का संचार किया था, यह गीत आज भी हर भारतीय के मन में मातृभूमि के प्रति समर्पण, सेवा और गौरव की भावना जगाता है, उन्होंने कहा कि इस फैसले से राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रभक्ति के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होगी।
सम्मान बनाए रखने का आह्वान
विष्णु देव साय ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय गौरव और जनभावनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का कार्य कर रही है, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा बनाए रखने की अपील भी की, उन्होंने कहा कि यह निर्णय राष्ट्रीय अस्मिता और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सशक्त करने वाला कदम साबित होगा।



