CG News: बस्तर में तेजी से बढ़ रहा बैंकिंग नेटवर्क, तर्रेम में खुली बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अब विकास की नई तस्वीर दिखाई देने लगी है। साय सरकार बनने के बाद नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
इसी कड़ी में तर्रेम में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ऑनलाइन शामिल हुए।
यह पिछले ढाई वर्षों में बस्तर संभाग में खुलने वाली 31वीं नई बैंक शाखा है।
![]()
आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा कदम
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि दूरस्थ और नक्सल प्रभावित इलाकों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, उन्होंने कहा कि अब स्थानीय लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से खातों तक पहुंचेगा, उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर अब बदलाव की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जहां पहले बैंकिंग सुविधाओं का अभाव था, वहां अब गांव-गांव तक बैंकिंग नेटवर्क पहुंच रहा है।
CM साय ने बताया विकास का प्रतीक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार को सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया, उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं से आदिवासी और ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। साथ ही युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार और वित्तीय गतिविधियों से जुड़ने में आसानी मिलेगी, CM साय ने कहा कि बस्तर अब भय और अभाव की पहचान से निकलकर विश्वास, विकास और आत्मनिर्भरता की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
खुली बैंक शाखा
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने दंतेवाड़ा कलेक्टर कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि कभी जिन इलाकों में अधिकारी जाने से डरते थे, वहां अब विकास की नई कहानी लिखी जा रही है, उन्होंने बताया कि जिस इमारत में कभी ग्रामीण बैंक शाखा थी और जिसे नक्सलियों ने निशाना बनाया था, उसी जगह अब फिर से बैंकिंग सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।
ढाई वर्षों में खुलीं 31 नई बैंक शाखाएं
पिछले ढाई वर्षों में बस्तर संभाग के कई जिलों में नई बैंक शाखाएं शुरू की गई हैं, इनमें जगदलपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोंडागांव और नारायणपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क मजबूत किया गया है, स्थानीय ग्रामीणों ने भी तर्रेम में बैंक शाखा खुलने पर खुशी जताई और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सुविधा बताया।




