CG News: सीएम विष्णुदेव साय चंदागढ़ पहुंचे, बरगद की छांव में लगी जनचौपाल
CG News: सुशासन तिहार के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने जनकेंद्रित शासन की एक सशक्त तस्वीर पेश की। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

बरगद की छांव में सजी जनचौपाल
मुख्यमंत्री सबसे पहले पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम भैंसामुड़ा पहुंचे और बजरंग बली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद गांव के बीच स्थित बरगद के विशाल पेड़ के नीचे जनचौपाल आयोजित की गई, जहां मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार 1 मई से 10 जून तक मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन को जनता के करीब लाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाएगा।
मूलभूत सुविधाओं की ली जानकारी
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने राशन, नमक, शक्कर, पेयजल, बिजली और राजस्व से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” सुमिला कोरवा और पुष्पलता चौहान से संवाद किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं ईंट निर्माण, किराना दुकान और बीसी सखी जैसे कार्यों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं।
महिला सशक्तिकरण की बड़ी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 8 लाख ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में यह संख्या 3 करोड़ से अधिक हो गई है, मुख्यमंत्री ने चंदागढ़ और भैंसामुड़ा के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं, जिनमें सामुदायिक भवन, मिनी स्टेडियम, सीसी रोड निर्माण और बच्चों के लिए क्रिकेट किट व यूनिफॉर्म शामिल हैं।
योजनाओं की जमीनी हकीकत जांची
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। ग्रामीणों ने बताया कि महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिस पर मुख्यमंत्री ने संतोष जताया, मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्रहण, चरण पादुका योजना और अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अब गांवों में ही प्रमाण पत्र और बैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।




