CG News: सीएम विष्णुदेव साय ने ‘लखपति दीदी’ सुमिला की दुकान पर की खरीदारी, खुद चुकाए पैसे
CG News: सुशासन तिहार के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक अलग और भावुक अंदाज जशपुर जिले के पत्थलगांव के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ में देखने को मिला। यहां मुख्यमंत्री अचानक ‘लखपति दीदी’ सुमिला कोरवा की छोटी सी किराना दुकान पर पहुंच गए।

लौंग-इलायची से हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री को अपने सामने देखकर सुमिला कोरवा भावुक हो उठीं। उन्होंने पारंपरिक तरीके से लौंग-इलायची खिलाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। यह पल वहां मौजूद ग्रामीणों के लिए बेहद खास बन गया, मुख्यमंत्री साय ने दुकान से ठंडा पानी और फलाहारी चिवड़ा खरीदा और अपने पर्स से खुद पैसे दिए। जब सुमिला ने पैसे लेने से मना किया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “यह आपकी मेहनत का हक है, इसे जरूर लीजिए।”
मुद्रा लोन से आत्मनिर्भरता की कहानी
सुमिला कोरवा ने बताया कि उन्होंने मुद्रा योजना के तहत एक लाख रुपये का लोन लेकर इस दुकान की शुरुआत की थी। आज उनकी दुकान में किराना सामान के साथ फोटो कॉपी मशीन और फ्रिज जैसी सुविधाएं भी हैं, जिससे गांववालों को काफी सहूलियत मिलती है।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
पहले खेती में परिवार का साथ देने वाली सुमिला ने गांव में ही रोजगार का अवसर देखा और दुकान शुरू की। आज यह दुकान उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत बन चुकी है, सुमिला ने बताया कि उनकी बेटी प्रियंका ने इस बार स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया है और छुट्टियों में दुकान में मदद भी करती है। यह परिवार मेहनत और शिक्षा दोनों में आगे बढ़ रहा है।
आय के अन्य साधन भी
सुमिला के परिवार के पास ट्रैक्टर और चारपहिया वाहन भी है, जिसे गांव के लोग किराए पर लेते हैं। इससे उनकी आय और मजबूत हुई है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुमिला की मेहनत की सराहना करते हुए कहा, “आपने ‘लखपति दीदी’ बनकर मिसाल पेश की है, आने वाले समय में आप ‘करोड़पति दीदी’ भी बनेंगी।”




