CG News: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर CM साय का संदेश, श्रमिकों को दी शुभकामनाएं
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी श्रमवीरों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रमिकों के सुखद, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्रमिकों का योगदान अतुलनीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 मई का दिन उन मेहनतकश हाथों के सम्मान का प्रतीक है, जिनके अथक परिश्रम से समाज और राष्ट्र की प्रगति संभव होती है। कृषि, उद्योग, निर्माण और सेवा क्षेत्र में श्रमिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
विकास की नींव हैं श्रमिक
उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग किसी भी राज्य और देश की उन्नति का मूल आधार है। समावेशी और सतत विकास तभी संभव है जब श्रमिकों को सम्मान, सुरक्षा और अवसर मिलें, राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड के माध्यम से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को लाभ मिल रहा है।
जागरूकता और कौशल पर जोर
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और कौशल उन्नयन के अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रमिकों के समर्पण से प्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर रहेगा।




