CG News: छत्तीसगढ़ में ड्रोन से निगरानी शुरू, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई
CG News: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू कर दिया गया है। अब खनन क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।
हाई-टेक ड्रोन से रियल टाइम निगरानी
खनिज विभाग के अनुसार, ड्रोन में हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन और एआई आधारित सिस्टम लगाए गए हैं। यह तकनीक लगभग 5 किलोमीटर तक की रेंज और 120 मीटर ऊंचाई से निगरानी करने में सक्षम है, जिससे दुर्गम इलाकों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
सटीकता में हुआ इजाफा
ड्रोन के जरिए संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान हो रही है, जिससे मौके पर तेजी से कार्रवाई संभव हो पाई है। इससे अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों के बच निकलने की संभावना भी कम हो गई है, कांकेर जिले के तहकापार रेत खदान क्षेत्र में 29 अप्रैल 2026 को ड्रोन की मदद से सघन निगरानी और छापेमारी की गई। जैसे ही ड्रोन निगरानी शुरू हुई, अवैध खनन में लगे लोग अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पोकलेन मशीन और हाईवा जब्त
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने महानदी के किनारे भूईगांव क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक चेन माउंटेन पोकलेन मशीन और एक हाईवा वाहन जब्त किया गया।
तकनीक से मजबूत हो रहा सुशासन
सरकार का यह कदम न केवल अवैध खनन पर रोक लगाएगा, बल्कि खनिज संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व संरक्षण को भी मजबूत करेगा। यह पहल ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट उदाहरण है, ड्रोन निगरानी की यह व्यवस्था राज्य में सुशासन और तकनीकी नवाचार की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में इस तकनीक का और व्यापक स्तर पर उपयोग किए जाने की संभावना है।



