CG News: जनजातीय उत्थान पर सरकार का बड़ा कदम, ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ जल्द होगी लॉन्च
CG News: रायपुर में आयोजित जनजातीय सलाहकार परिषद की बैठक में राज्य सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर कई अहम फैसले लिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि लंबे समय तक उपेक्षित रहे बस्तर क्षेत्र में अब विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है और नई योजनाओं के जरिए इसे और गति दी जाएगी।

‘नियद नेल्ला नार 2.0’ की तैयारी
सरकार जल्द ही ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ योजना शुरू करने जा रही है। इस पहल के तहत दूरस्थ गांवों तक बिजली, पानी, सड़क और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, मुख्यमंत्री ने देवगुड़ी और सरना स्थलों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अवैध अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए। आदिवासी पहचान और परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
गांव-गांव तक पहुंच रही योजनाएं
“धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना” के तहत 6600 गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत की जा रही हैं। वहीं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत हजारों आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना’ के जरिए लाखों लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही छात्रावासों की सीट बढ़ाने, शिक्षकों की उपलब्धता और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था पर जोर दिया गया।
नक्सल मुक्त क्षेत्रों में नई उम्मीद
सरकार का मानना है कि नक्सलवाद के कम होने के बाद अब विकास कार्यों को तेजी से लागू करना संभव हुआ है। इससे दूरस्थ आदिवासी इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है, अम्बिकापुर नेशनल हाईवे के धीमे निर्माण पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



