CG News: वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए मजबूत सामाजिक सुरक्षा मॉडल तैयार
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और समग्र कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में एक संवेदनशील और मजबूत सामाजिक सुरक्षा तंत्र विकसित किया गया है।

बिना कार्ड के आसान लाभ
राज्य में वरिष्ठ नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग से सीनियर सिटीजन कार्ड की आवश्यकता नहीं है। आधार और अन्य दस्तावेजों के जरिए पात्रता तय कर सीधे लाभ दिया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी है, प्रदेश में 27 वृद्धाश्रम संचालित हैं, जहां 675 से अधिक बुजुर्गों को निःशुल्क आवास, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं। ये केंद्र असहाय और निराश्रित वृद्धजनों के लिए सुरक्षित आश्रय बन रहे हैं।
प्रशामक गृह में विशेष देखभाल
गंभीर रूप से बीमार और बिस्तर पर आश्रित बुजुर्गों के लिए 13 प्रशामक गृह संचालित हैं। यहां 140 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को निरंतर देखभाल और चिकित्सा सहायता दी जा रही है, सामाजिक सुरक्षा के तहत पात्र बुजुर्गों को नियमित पेंशन दी जा रही है। बीपीएल और वंचित वर्ग को ₹500 प्रतिमाह, जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को ₹680 प्रतिमाह पेंशन मिल रही है।
सहायक उपकरण और तीर्थ यात्रा सुविधा
सरकार व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, श्रवण यंत्र जैसे आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा रही है। साथ ही तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा रही है, जिससे उन्हें मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन मिलता है, राज्य सरकार का लक्ष्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। विभिन्न योजनाओं के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



