CG News: छत्तीसगढ़ की ‘बिहान’ योजना बनी बदलाव की ताकत, सकीना की कहानी बनी प्रेरणा
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिसे ‘बिहान’ के नाम से जाना जाता है, ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी कम करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक प्रमुख कार्यक्रम है। यह योजना भारत सरकार की दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
डाड़गांव की सकीना बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
उदयपुर विकासखंड के डाड़गांव की रहने वाली सकीना की कहानी आज कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। जो सकीना कभी बैंक जाने से घबराती थीं, वे आज स्वयं सहायता समूह के माध्यम से न केवल अपना व्यवसाय चला रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की मजबूत मिसाल पेश कर रही हैं।

योजनाओं के अभिसरण से मिला बड़ा लाभ
शासन की विभिन्न योजनाओं के समन्वय से जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जिला प्रशासन की पहल पर डीएमएफ मद से स्वयं सहायता समूहों को सीमेंट मिक्सर मशीन और शटरिंग प्लेट्स उपलब्ध कराई गई हैं। इन्हीं संसाधनों से ‘रामगढ़’ ग्राम संगठन के ‘साईं बाबा समूह’ की सदस्य सकीना को भी लाभ मिला।
निर्माण कार्यों से बढ़ी आय
सकीना ने समूह से 60,000 रुपये का ऋण लेकर अपने काम को आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में उनकी मिक्सर मशीन और शटरिंग प्लेट्स की लगातार मांग बनी हुई है। इससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 6,000 से 7,000 रुपये की आय हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई कहानी
सकीना बताती हैं कि पहले उन्हें बैंक जाने में भी डर लगता था, लेकिन बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। अब वे न केवल खुद आत्मनिर्भर हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं, आर्थिक स्थिरता का सीधा असर उनके परिवार पर पड़ा है। उनकी बेटी कॉलेज में पढ़ रही है, जबकि बेटा हाई स्कूल में अध्ययनरत है। सकीना का कहना है कि अब बच्चों की पढ़ाई बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ रही है।
सरकार के प्रति आभार
सकीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं ने ग्रामीण महिलाओं को केवल रोजगार ही नहीं दिया, बल्कि समाज में सम्मान और पहचान भी दिलाई है, ‘बिहान’ योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सामाजिक और आर्थिक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। इससे न केवल उनकी आय बढ़ रही है, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास भी मजबूत हो रहा है।



