CG News: डिजिटल पारदर्शिता में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि, मनरेगा e-KYC में पूरे देश में प्रथम स्थान
CG News: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत श्रमिकों के ई-के वाय सी (e-KYC) कार्य में छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। भारत सरकार की ताजा रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 97.11 प्रतिशत सक्रिय श्रमिकों का e-KYC सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जो राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक है।
56 लाख से अधिक श्रमिकों का डिजिटल वेरिफिकेशन
छत्तीसगढ़ में लगभग 58 लाख सक्रिय श्रमिकों में से 56.87 लाख से अधिक श्रमिकों का डिजिटल वेरिफिकेशन पूरा किया गया है। यह प्रक्रिया मजदूरी भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ फर्जी जॉब कार्डों को हटाने और वास्तविक लाभार्थियों तक सीधे बैंक खाते में भुगतान पहुंचाने में मदद कर रही है।
देश के बड़े राज्यों को पीछे छोड़ा
इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ ने केरल, त्रिपुरा, मिजोरम जैसे छोटे राज्यों के साथ-साथ कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। यह राज्य की प्रशासनिक दक्षता और डिजिटल गवर्नेंस की मजबूती को दर्शाता है, यह सफलता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के सतत नेतृत्व, मॉनिटरिंग और प्रभावी रणनीति का परिणाम मानी जा रही है।
पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर रोक
e-KYC प्रक्रिया ने न केवल फर्जीवाड़े पर रोक लगाई है, बल्कि वास्तविक हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने में भी पारदर्शिता बढ़ाई है। इससे मजदूरी भुगतान प्रणाली अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनी है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीब और श्रमिक वर्ग के हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से योजनाओं का लाभ सीधे और समय पर मिल रहा है।
100% लक्ष्य की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी अधिकारियों और ग्राम स्तर की टीमों को बधाई देते हुए शेष लंबित e-KYC कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। राज्य अब 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, विशेष अभियान, जनजागरूकता और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है। इससे छत्तीसगढ़ डिजिटल गवर्नेंस और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।



