CG News: जशपुर का केरे गांव बना टूरिज्म हब, होमस्टे से बदली तस्वीर
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले का केरे गांव तेजी से एक उभरते पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यह पहल न केवल स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत कर रही है, बल्कि क्षेत्रीय संस्कृति को भी नई पहचान दे रही है।
पर्यटन गांव के रूप में हुआ विकास
जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों से केरे गांव को पर्यटन गांव के रूप में विकसित किया गया है। यहां अब तक 5 होमस्टे स्थापित किए जा चुके हैं। ग्रामीणों को होमस्टे संचालन, अतिथि सत्कार और प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिया गया है, जिससे वे पर्यटकों को बेहतर सेवाएं दे सकें।
पर्यटकों को मिल रहा ‘घर जैसा’ अनुभव
हाल ही में केरे स्थित ‘महुआ होमस्टे’ में ठहरे यात्रियों का अनुभव इस पहल की सफलता को दर्शाता है। बिलासपुर से रांची जा रहे तीन यात्रियों ने ऑनलाइन जानकारी के आधार पर यहां रुकने का फैसला किया, उन्हें यहां आत्मीय स्वागत, स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन के साथ साफ-सुथरी और आरामदायक व्यवस्था मिली, जिससे वे बेहद संतुष्ट नजर आए।
रोजगार और संस्कृति दोनों को बढ़ावा
इस पहल से ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। साथ ही, यह मॉडल स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है।
भरोसेमंद टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन रहा केरे
जिला प्रशासन के अनुसार, केरे गांव अब धीरे-धीरे एक भरोसेमंद और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है, जहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ ग्रामीण जीवन का अनूठा अनुभव भी ले सकते हैं।
