CG News: हज यात्रियों को CM साय ने दी मेडिकल किट, सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हज यात्रियों को फर्स्टएड किट वितरित कर उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
815 हज यात्री जाएंगे इस वर्ष
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि इस वर्ष प्रदेश से कुल 815 हज यात्री पवित्र यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने इसे सौभाग्य का विषय बताते हुए कहा कि सांसद रहते हुए भी उन्हें हज यात्रियों के स्वागत का अवसर मिलता रहा है।

पहली बार मिला स्वास्थ्य प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार हज यात्रियों के लिए विशेष पहल की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें यात्रा से पहले प्रशिक्षण दिया गया है और पहली बार फर्स्टएड मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
खुशहाली के लिए करें दुआ
मुख्यमंत्री ने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा के दौरान देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए दुआ करें और सुरक्षित यात्रा के बाद सकुशल लौटें।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल का संदेश
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ के लोगों को हज यात्रा का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करें। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अब हज यात्रा के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती।
हज कमेटी ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में कई गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, हज कमेटी की सीईओ डॉ. खुशबू उस्मान सहित बड़ी संख्या में हज यात्री और समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
