CG News: भीषण गर्मी के बीच बड़ा फैसला, आंगनबाड़ी केंद्रों का समय घटाकर 4 घंटे किया गया
CG News: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते असर को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने अहम निर्णय लिया है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को गर्मी से सुरक्षित रखा जा सके।

अब 4 घंटे ही खुलेंगे आंगनबाड़ी केंद्र
नए आदेश के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक ही संचालित होंगे। पहले यह समय 6 घंटे का था, जिसे घटाकर 4 घंटे कर दिया गया है।

बच्चों की उपस्थिति का समय भी तय
23 अप्रैल से 30 जून 2026 तक बच्चों की उपस्थिति का समय सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को तेज धूप और लू के प्रभाव से बचाना है, निर्धारित समय में बच्चों को ECCE गतिविधियों के तहत प्रारंभिक शिक्षा दी जाएगी और पूरक पोषण आहार का वितरण भी नियमित रूप से किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवाओं की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
घर-घर जाकर दी जाएगी पोषण सलाह
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्र बंद होने के बाद वे घर-घर जाकर माताओं को पोषण और बच्चों की देखभाल से जुड़ी जानकारी दें, ताकि जागरूकता बढ़ाई जा सके।
सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
विभाग ने बच्चों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ग्रीष्मकाल समाप्त होने के बाद 1 जुलाई 2026 से आंगनबाड़ी केंद्र फिर से अपने सामान्य समय सुबह 9:30 बजे से 3:30 बजे तक संचालित होंगे।

