CG News: रायपुर में 430 प्रयोगशाला परिचारकों को नियुक्ति पत्र, CM साय बोले – पारदर्शी भर्ती हमारी प्राथमिकता
CG News: छत्तीसगढ़ में युवाओं के सशक्त भविष्य की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 430 चयनित प्रयोगशाला परिचारकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह कार्यक्रम रायपुर स्थित पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया।

पारदर्शी भर्ती पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ई-प्रणाली और प्रशासनिक सुधारों के जरिए भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘सुशासन एवं अभिसरण विभाग’ का गठन किया है। साथ ही भर्ती परीक्षाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए कर्मचारी चयन मंडल और परीक्षा कैलेंडर की व्यवस्था पर काम किया जा रहा है।
युवाओं को दी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की और कहा कि उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने इस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता और सुशासन पर आधारित ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि योग्य युवाओं को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा सचिव एस. भारतीदासन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, सरकार का कहना है कि यह नियुक्तियां विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप युवाओं को सशक्त बनाने और राज्य के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

