CG News: छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारी तेज, CM साय ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन बड़े स्तर पर करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी करते हुए बताया कि 1 मई से 10 जून तक पूरे प्रदेश में जन समस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत समूहों और शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर इन शिविरों का आयोजन होगा।
![]()
लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि 30 अप्रैल 2026 तक सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाए। इसमें जमीन विवाद, मनरेगा भुगतान, प्रमाण पत्र, बिजली-पानी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों को शामिल किया गया है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया है।
मौके पर मिलेगा समाधान और लाभ
इन शिविरों में लोगों की शिकायतों का तत्काल समाधान करने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ भी मौके पर ही दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक महीने के भीतर निपटारा किया जाए और आवेदकों को उनकी स्थिति की जानकारी दी जाए।
मंत्री, विधायक और अधिकारी करेंगे निगरानी
अभियान के दौरान मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं भी जिलों का दौरा कर औचक निरीक्षण करेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
सरकार इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लें और अपनी समस्याओं का समाधान पा सकें, “सुशासन तिहार 2026” छत्तीसगढ़ सरकार की एक बड़ी पहल है, जिसका उद्देश्य आम जनता तक शासन की सेवाएं पहुंचाना और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

