CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती में वेदांता प्लांट ब्लास्ट: 17 मजदूरों की मौत, घायलों के इलाज में जुटा प्रशासन
CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में अब तक 17 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
तुरंत एक्शन में प्रशासन
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास टोपनो और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, फोर्टिस हॉस्पिटल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर मरीजों को रायपुर रेफर किया गया।

CM और स्वास्थ्य मंत्री की नजर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार जिला प्रशासन से संपर्क में हैं और स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी घायलों के इलाज और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
मुआवजा और सहायता का ऐलान
• मृतकों के परिजनों को:
o ₹5 लाख (राज्य सरकार)
o ₹2 लाख (PMNRF)
o ₹35 लाख + नौकरी (कंपनी)
• घायलों को:
o ₹50 हजार (राज्य सरकार)
o ₹50 हजार (PMNRF)
o ₹15 लाख (कंपनी)
घायलों का इलाज जारी
हादसे में कुल 36 मजदूर प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 19 का इलाज जारी है। कई मजदूर 90% तक झुलसे हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है।
जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही एसडीआरएफ टीम भी मौके पर तैनात है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मृतकों की पहचान जारी
मृतकों में छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के श्रमिक शामिल हैं। प्रशासन द्वारा परिजनों से संपर्क कर पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर भेजने की व्यवस्था की जा रही है, यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और दोषियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

