CG News: सुकमा में पुनर्वास से विकास की नई मिसाल, मुख्यमंत्री साय ने किया बड़ा ऐलान
CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा यह क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुनर्वास केंद्र का दौरा कर यहां चल रही गतिविधियों का जायजा लिया और पुनर्वासित लोगों से सीधा संवाद किया।

पुनर्वासितों को मिला नया जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पुनर्वास नहीं, बल्कि इन लोगों को सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर देना है। उन्होंने पुनर्वासित लोगों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर हर व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है, पुनर्वास केंद्र में लोगों को राजमिस्त्री, सिलाई, कृषि उद्यमिता और वाहन संचालन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक सैकड़ों युवाओं को कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ा जा चुका है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

सरकार की योजनाओं से मिला सहयोग
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुनर्वासित युवाओं को स्टाइपेंड, मोबाइल फोन, आवास योजना की चाबियां और नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। साथ ही, नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्यों को भी सरकारी नौकरियों के माध्यम से रोजगार दिया जा रहा है।
सुकमा में विकास की नई पहचान
इस कार्यक्रम के दौरान ‘पुनर्वास से विकास तक’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया, जिसमें सुकमा के बदलाव की प्रेरणादायक कहानियां शामिल हैं। यह पहल दर्शाती है कि सुकमा अब हिंसा से निकलकर विकास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बना रहा है।

