CG News: रायपुर में कपिल देव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की सौजन्य मुलाकात
CG News: नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें बेल मेटल से बनी स्मृति प्रतिकृति और ‘पुण्यभूमि छत्तीसगढ़’ कॉफी टेबल बुक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद थे।
खेलों को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय और कपिल देव ने प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने और खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री का दृष्टिकोण खेल और युवा प्रतिभा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों का विकास केवल खेलकूद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सर्वांगीण विकास और प्रदेश की पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण संसाधनों और अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है ताकि प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर मिले।
कपिल देव ने किया सराहना
पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा, विश्वास और विकास का माहौल युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उनका मानना है कि ऐसे वातावरण में प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगी और छत्तीसगढ़ एक सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा।



