न्यूज डेस्क: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजे चौंकाने वाले रहे। भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत हासिल कर अपनी सरकार बनाई। इसके बाद मुख्यमंत्री को लेकर कई नाम सामने आए, लेकिन बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में एक ऐसे शख्स को ताज पहनाया, जिसका संघर्ष किसी के भी मन में उत्साह पैदा कर सकता है। ऐसे में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Chief Minister Vishnudeo Sai) के जीवन के हर उस पहलू के बारे में जो लोग नहीं जानते।
साल 1964 में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगिया गांव में आदिवासी परिवार में जन्म लेने वाले विष्णु देव साय की प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव बगिया से ही प्राप्त हुई। इनकी शिक्षा 10वीं तक हो सकी। विष्णु देव साय की रुचि हमेशा से राजनीति और अपने समाज को सुधारने में रही हैं। इनकी पत्नी कौशल्या देवी एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो कि समाज के लिए समर्पित रहती हैं। इनका एक भरापुरा परिवार है, जिसमें एक बेटा और दो बेटियां है।
कहां से शुरू हुई राजनीतिक करियर
साय का राजनीतिक करियर उनके गांव बगिया से ही शुरू हुई। उन्होंने 1990 के दशक में पहली बार अपने गांव से सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद राजनीतिक उतार- चढ़ाव के साथ इनका ये कारवां बनता चला गया। विष्णु देव साईं रायगढ़ से 1999 से लेकर 2014 तक चार बार सांसद भी चुने गए। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले मंत्रिमंडल में केंद्रीय राज्य मंत्री भी थे। इसके बाद 2014 में भारतीय जनता पार्टी की ओर से उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं 2020 से 2022 तक वह छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष भी बनाए गए।
विष्णु देव साय कैसे बने मुख्यमंत्री
आपको बता दें कि 59 साल के आदिवासी समाज से आने वाले विष्णु देव साय एक किसान परिवार से आते हैं। साल 2023 में हुए विधानसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी और कांग्रेस पार्टी महज 35 सीट जीतने में कामयाब हो पाई। बता दें कि इससे पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, मुख्यमंत्री भूपेश सिंह बघेल थे। मगर इस बार कांग्रेस के हाथों से छत्तीसगढ़ निकल गया और भारतीय जनता पार्टी ने रिकॉर्ड 54 सीटें अपने नाम की। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद भी सीएम का चेहरा सामने नहीं आ पा रहा था, लेकिन छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और बीजेपी के अन्य प्रमुख नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विष्णु देव साय के नाम का ऐलान किया। ऐसे आदिवासी समाज से आने वाले विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाया गया।
मुख्यमंत्री साय के खाते में कितने रुपए?
कई लोग यह भी जानना चाहते हैं कि आदिवासी समुदाय से आने वाले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पास कितनी संपत्ति है? तो आपको बता दें कि विष्णु देव साईं के खाते में कुल 2.16 लाख रुपये हैं।


