CG News: बस्तर में भरोसे की जीत, 26 हार्डकोर माओवादियों ने छोड़ी हिंसा
CG News: सुकमा जिले में ₹64 लाख के इनामी 26 हार्डकोर माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे विश्वास, संवाद और विकास की जीत बताया। पुनर्वास नीति और सुरक्षा व्यवस्था से बस्तर में शांति का माहौल मजबूत हुआ है।
सुकमा में 26 माओवादियों का आत्मसमर्पण
बस्तर संभाग के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। ₹64 लाख के इनामी 26 हार्डकोर माओवादियों ने मुख्यधारा में लौटते हुए आत्मसमर्पण किया। इनमें 7 महिलाएं भी शामिल हैं। यह कदम क्षेत्र में शांति की ओर बढ़ते बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया विश्वास और संवाद की जीत
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह केवल सुरक्षा बलों की सफलता नहीं, बल्कि मानवीय विश्वास और संवाद की जीत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में राज्य में लागू संतुलित सुरक्षा रणनीति और संवेदनशील पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट दिखने लगे हैं।
पूना मार्गेम से बदली ज़िंदगी की दिशा
मुख्यमंत्री ने बताया कि “पूना मार्गेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के जरिए भटके युवाओं को नया जीवन मिल रहा है। सुरक्षा शिविरों की स्थापना, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ इलाकों में शासन की सीधी पहुंच बनी है, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा है।
शांति और विकास का रास्ता अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री श्री साय ने आत्मसमर्पण करने वालों का स्वागत करते हुए कहा कि हिंसा छोड़ने वालों के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने शेष माओवादियों से भी शांति, परिवार और प्रगति का मार्ग अपनाने की अपील की और पुनर्वास में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।




