CG News: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का जांजगीर दौरा, जनादेश परब में हुए शामिल
CG News: छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जांजगीर-चांपा जिले में “जनादेश परब” का आयोजन किया जा गया है, इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए.
सीएम साय ने बताया नड्डा के दौरे का महत्व
जांजगीर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के आगमन से प्रदेश की जनता को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री का मार्गदर्शन व आशीर्वचन प्राप्त होगा.

साय सरकार ने संभाला था कार्यभार
गौरतलब है कि, 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पदभार ग्रहण किया था, साय सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह जनादेश परब आयोजित किया जा रहा है.
जनादेश परब में गिनाई जाएंगी उपलब्धियां
जांजगीर स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जनादेश परब में जनता-जनार्दन के समक्ष छत्तीसगढ़ सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियां और राज्य के समग्र विकास के लिए लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी जाएगी, कार्यक्रम के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा, इस विशाल आमसभा को केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा संबोधित करेंगे.
जेपी नड्डा ने हमेशा छत्तीसगढ़ को दिया प्रेम: प्रदेश अध्यक्ष
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि, भाजपा परिवार की ओर से उनका स्वागत है, उन्होंने कहा कि, जे.पी. नड्डा ने हमेशा छत्तीसगढ़ को विशेष स्नेह और समर्थन दिया है और सरकार की योजनाओं को आशीर्वाद देने आ रहे हैं.
मनरेगा मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना
मनरेगा के नाम परिवर्तन को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए किरण सिंहदेव ने कहा कि, कांग्रेस ने महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल को भुला दिया है, उन्होंने कहा कि, 100 दिन का रोजगार अब 125 दिन किया गया है, इसके लिए कांग्रेस को धन्यवाद देना चाहिए.
