CG News: नवा रायपुर अटल नगर बनेगा नई तहसील, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन ने जारी की अधिसूचना
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने रायपुर जिले में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है, नवा रायपुर अटल नगर को नई तहसील के रूप में सृजित करने का प्रस्ताव जारी कर दिया गया है, इस संबंध में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 19 दिसंबर को छत्तीसगढ़ राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की है.
चार तहसीलों की सीमाओं में होगा बदलाव
जारी अधिसूचना के अनुसार, रायपुर जिले की मौजूदा तहसील रायपुर, मंदिर हसौद, गोबरा नवापारा और अभनपुर की सीमाओं में संशोधन कर नवा रायपुर अटल नगर तहसील का गठन किया जाएगा.

60 दिनों में मांगे गए सुझाव और आपत्तियां
अधिसूचना के प्रकाशन की तिथि से 60 दिनों के भीतर आम नागरिक इस प्रस्ताव पर अपनी आपत्ति या सुझाव दे सकते हैं, इच्छुक लोग सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, कैपिटल कॉम्प्लेक्स, नवा रायपुर अटल नगर को लिखित रूप में आवेदन भेज सकते हैं.
39 गांव होंगे नई तहसील में शामिल
प्रस्तावित नवा रायपुर अटल नगर तहसील में कुल 6 राजस्व निरीक्षक मंडलों के अंतर्गत 20 पटवारी हल्कों के 39 गांव शामिल किए जाएंगे, इनमें पलौद, मंदिर हसौद, केंद्री, तोरला, सेरीखेड़ी और रायपुर-18 कांदुल क्षेत्र के गांव प्रमुख हैं, अधिसूचना में नई तहसील की सीमाएं भी स्पष्ट की गई हैं, इसके अनुसार उत्तर में मंदिर हसौद, दक्षिण में अभनपुर, पूर्व में गोबरा नवापारा और पश्चिम में रायपुर तहसील स्थित होगी.
प्रशासनिक सेवाएं होंगी और सुलभ
राज्य सरकार का उद्देश्य इस नई तहसील के गठन से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना और स्थानीय नागरिकों को सरकारी सेवाएं तेजी और आसानी से उपलब्ध कराना है, 60 दिनों में प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.



