CG News: छत्तीसगढ़ में लगेंगे 513 नए 4G मोबाइल टावर, सीएम साय बोले – नक्सल उन्मूलन के प्रयासों की पहली बड़ी सफलता
CG News: छत्तीसगढ़ में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है, डिजिटल भारत निधि के अंतर्गत बीएसएनएल के माध्यम से प्रदेश में 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाए जाने की स्वीकृति दी गई है.
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को मिलेगा नेटवर्क
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि, यह निर्णय नक्सली उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रतिफल है, उन्होंने इसे प्रदेश के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया.

इंटरनेट से बदलेगी ग्रामीण तस्वीर
सीएम साय ने कहा कि, इन मोबाइल टावरों के स्थापित होने से न केवल मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा, नए 4G टावरों से डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, जिससे जनता का वित्तीय समावेशन मजबूत होगा और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा, इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों में भी सुधार आएगा.
केंद्र सरकार का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, केंद्र सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा.



