CG News: वित्त मंत्री ओपी चौधरी और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
CG News: रायगढ़ के रामलीला मैदान में आज प्रदेश का एक भव्य और प्रेरणादायी युवा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की विशेष पहल पर हुए, इस कार्यक्रम में सुपर 30 के संस्थापक और प्रसिद्ध गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार ने हजारों विद्यार्थियों को संघर्ष, मेहनत और लक्ष्य निर्धारण का संदेश दिया.
करियर निर्माण के लिए योजना, लक्ष्य और मेहनत जरूरी – वित्त मंत्री
युवाओं को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत ही करियर निर्माण की असली कुंजी है, उन्होंने कहा कि, सफलता का हर बड़ा सफर कठिनाइयों से होकर गुजरता है, इसलिए युवा चुनौतियों से घबराएँ नहीं,
उन्होंने घोषणा की कि, जिले के 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान दिया जाएगा, इस घोषणा पर छात्रों ने तालियों की गूंज से स्वागत किया.
कठिन परिस्थितियाँ ही सफलता का असली आधार: आनंद कुमार
पद्मश्री आनंद कुमार ने अपने संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि, पिता के निधन के बाद उन्होंने पापड़ बेचने तक का काम किया, आर्थिक तंगी ने उन्हें कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय जाने से रोक दिया, लेकिन इन्हीं कठिनाइयों ने उन्हें मजबूत बनाया और सुपर 30 की शुरुआत हुई, उन्होंने छात्रों से कहा कि, “बेहतर करो, बहाने मत बनाओ, संघर्ष जितना कठिन, सफलता उतनी चमकदार.”
उन्होंने अपने पूर्व छात्रों अभिषेक राज, शशि नारायण और निधि झा की प्रेरक कहानियों को साझा करते हुए बताया कि, सीमित संसाधनों वाले छात्र भी बड़ी सफलताएँ हासिल कर सकते हैं.
मोबाइल फ्लैशलाइट से स्वागत
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर उत्साह व्यक्त किया. समारोह में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में चयनित अभ्यर्थियों, गोल्ड मेडलिस्ट, उत्कृष्ट विद्यार्थियों और आईआईटी चयनित आर. बालाजी यादव सहित कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी दिव्यांग पटेल और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
25 नवंबर को होगा दूसरा चरण
कार्यक्रम का अगला चरण 25 नवंबर को सुबह 8:30 बजे पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे, इसी दिन शाम 3:30 बजे सरिया में भी विशाल करियर मार्गदर्शन सत्र होगा, जहाँ छात्र सीधे आनंद कुमार से लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पर मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे.



