CG News : जशपुर में यूथ ,एनवायरमेंट एंड एग्रीकल्चर विषय पर व्याख्यान
CG News : शासकीय विजय भूषण सिंह देव कन्या महाविद्यालय, जशपुर में यूथ, एनवायरमेंट एंड एग्रीकल्चर विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान आयोजित किया गया। यह आयोजन आंतरिक गुणवत्ता एवं आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण और कृषि के गंभीर मुद्दों के प्रति जागरूक करना था।
500 से अधिक शोधपरक लेख प्रकाशित
कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप में प्रसिद्ध जर्नलिस्ट एवं एग्री पॉलिसी एनालिस्ट इंद्रशेखर सिंह उपस्थित थे। सामाजिक, पर्यावरणीय और कृषि नीतियों पर अपनी गहरी पकड़ के लिए जाने-जाने वाले सिंह ने 500 से अधिक शोधपरक लेख प्रकाशित किए हैं।
पर्यावरण,संस्कृति और कृषि गहराई से जुडा
इंद्रशेखर सिंह ने जल, पर्यावरण और संस्कृति के परस्पर संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि हमारा पर्यावरण, हमारी संस्कृति और हमारी कृषि—तीनों एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। यदि इनमें किसी एक को नुकसान होता है, तो उसका प्रभाव बाकी दो पर भी पड़ता है।
संस्कृति पर्यावरण और खेत के प्रति सम्मान का भाव
सिंह ने छात्राओं को अपनी मिट्टी, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण में युवा वर्ग की सबसे बड़ी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुसार, संस्कृति से जुड़ाव केवल परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने पर्यावरण, खेत और धरती के प्रति सम्मान का भाव भी पैदा करता है।
जैविक खेती पर ज़ोर
सिंह ने रासायनिक खेती के दीर्घकालिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसे मिट्टी की प्राकृतिक गुणवत्ता और कृषि उत्पादों की पोषकता के लिए हानिकारक बताया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। मिट्टी को संरक्षित करना भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है।



