CG News: अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा ने की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक, जागरूकता अभियान के दिए निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति को लेकर अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा ने अटल नगर, नवा रायपुर स्थित विकास आयुक्त भवन में समीक्षा बैठक ली, बैठक में केंद्र और राज्य की प्रमुख ग्रामीण योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जागरूकता अभियान के निर्देश
बैठक में 01 जुलाई 2025 से लागू होने वाले विकसित भारत अधिनियम 2025 को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इस अधिनियम की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि लोग समय रहते इसके प्रावधानों को समझ सकें और योजनाओं का सही लाभ उठा सकें।
प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर संतोष
अपर मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य ने आवास निर्माण की गति और पूर्णता के मामले में देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्होंने निर्देश दिया कि यह गति लगातार बनी रहे और कोई भी पात्र हितग्राही पक्के मकान से वंचित न रहे।
विकास योजनाओं की समीक्षा
बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी
इस बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव धर्मेश साहू, मनरेगा आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक तारण प्रकाश सिन्हा, अपर विकास आयुक्त वी.पी. तिर्की सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे।




