CG News: SARTHAK-PDS फेज-2 को मंजूरी, गरीब कल्याण और खाद्य सुरक्षा में बड़ा कदम
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा SARTHAK-PDS फेज-2 के लिए 25,530 करोड़ रुपये की मंजूरी का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने इसे गरीब कल्याण, खाद्य सुरक्षा और सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय बताया है।
तकनीक से और पारदर्शी होगी राशन प्रणाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को तकनीक आधारित, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत एआई-इनेबल्ड लाभार्थी रजिस्ट्री, जीपीएस ट्रैकिंग, क्यूआर कोड टैगिंग, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और आधुनिक सप्लाई चेन मैनेजमेंट जैसी व्यवस्थाएं शामिल होंगी, जिससे राशन वितरण प्रणाली और अधिक मजबूत होगी।
डीलरों और सप्लाई चेन को मिलेगा आर्थिक सहयोग
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार का यह निर्णय केवल तकनीकी उन्नयन तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्यों को राशन परिवहन, हैंडलिंग और उचित मूल्य दुकानों के संचालन में आर्थिक सहायता भी प्रदान करेगा। इससे डीलरों के पारिश्रमिक में वृद्धि होगी और जमीनी स्तर पर वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।
2031 तक लागू रहेगी योजना
यह योजना 31 मार्च 2031 तक संचालित होगी और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत करोड़ों हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि AI, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी तकनीकों से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा।




