CG News: कांकेर में PWD सचिव का सख्त रुख, निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार वनांचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कांकेर जिले का दौरा किया और निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
अधिकारियों के साथ बैठक
भानुप्रतापपुर में आयोजित बैठक में सचिव ने कांकेर और भानुप्रतापपुर संभाग के अधिकारियों से सड़कों, पुलों और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर काम की गति बढ़ाने को कहा, नरहरपुर में कॉलेज भवन निर्माण में देरी और लापरवाही पर उन्होंने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गुणवत्ता में कमी या देरी करने वाले ठेकेदारों पर पेनाल्टी, डिग्रेडेशन और जरूरत पड़ने पर टर्मिनेशन की कार्रवाई की जाए।
काम पूरा करने के निर्देश
उन्होंने निर्देश दिया कि मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी की जाए ताकि बारिश के दौरान जलभराव और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। पुलों पर रिफ्लेक्टर्स और रेलिंग लगाने का काम भी जल्द पूरा करने को कहा गया।
दुर्गम क्षेत्रों को जोड़ने पर जोर
सचिव ने कहा कि दूरस्थ और पहुंचविहीन गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए नए पुलों के प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए गए, बैठक के बाद सचिव ने भानुप्रतापपुर और नारायणपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलों और सड़कों का निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता व प्रगति का जायजा लिया।




