CG News: कारकाबेड़ा में पहली बार स्कूल खुला, अबूझमाड़ में शिक्षा का ऐतिहासिक कदम
CG News: छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। नारायणपुर जिले के सुदूर ग्राम कारकाबेड़ा में आजादी के बाद पहली बार प्राथमिक स्कूल की शुरुआत की गई है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की रोशनी
कभी नक्सलवाद के प्रभाव वाला यह इलाका अब शिक्षा और विकास की ओर बढ़ रहा है। यहां बच्चों को अब बंदूक की जगह किताबें और कलम मिल रही हैं, कोड़ेनार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों ने गांव में स्कूल की मांग रखी थी। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल शुरू करने की प्रक्रिया पूरी की।

दुर्गम रास्तों से पहुंची शिक्षा टीम
स्कूल सर्वे के दौरान अधिकारियों और शिक्षकों की टीम ने लगभग 5 घंटे तक पैदल यात्रा कर नदी-नालों और पहाड़ियों को पार करते हुए कारकाबेड़ा गांव तक पहुंच बनाई। यहां 20 बच्चों को प्राथमिक शिक्षा योग्य पाया गया।
बच्चों को मिली सुविधाएं
स्कूल शुरू होते ही बच्चों को निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, स्लेट, पेंसिल और ब्लैकबोर्ड जैसी शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने लायक था, फिलहाल स्कूल के संचालन के लिए एक अतिथि शिक्षक की नियुक्ति की गई है। आने वाले समय में आसपास के अन्य गांवों के बच्चों को भी इस स्कूल का लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों में खुशी की लहर
ग्राम सरपंच ने इसे सपने के सच होने जैसा बताया और कहा कि अब बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित होगा, अबूझमाड़ के कारकाबेड़ा में खुला यह स्कूल केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि शांति, विकास और बदलाव की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो पूरे क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा दे रहा है।




