CG News: छत्तीसगढ़ में आज से ‘सुशासन तिहार 2026’ की शुरुआत, जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “सुशासन तिहार 2026” की शुरुआत 1 मई से हो गई है। यह अभियान 10 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पारदर्शी और त्वरित सेवाओं को सरकार की प्राथमिकता बताया।
लंबित मामलों के समाधान पर जोर
अभियान के पहले चरण में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, मनरेगा भुगतान, प्रमाण पत्र, बिजली और पेयजल जैसी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और पेंशन योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
गांव-शहर में लगेंगे शिविर
सुशासन तिहार के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत समूहों और शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर समाधान शिविर लगाए जाएंगे। यहां मौके पर ही आवेदन लिए जाएंगे और अधिकतम एक माह में उनका निराकरण किया जाएगा।
CM करेंगे औचक निरीक्षण
अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और आम जनता से सीधे संवाद करेंगे, मुख्यमंत्री साय स्वयं जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा, हितग्राहियों से फीडबैक और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करेंगे।
जन आंदोलन बनाने की तैयारी
सरकार ने इस अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई है। डिजिटल, प्रिंट और स्थानीय माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।




