CG News: नारी शक्ति वंदन पर CM साय का बयान, महिलाओं के सशक्तिकरण से ही होगा समग्र विकास
CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में संकल्प प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण मिलना लोकतंत्र को मजबूत करेगा।
नारी शक्ति का सांस्कृतिक महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती माता शबरी, मां दंतेश्वरी और मां महामाया की भूमि है, जहां नारी को शक्ति के रूप में पूजा जाता है। भारतीय संस्कृति में नारी सृजन और शक्ति का आधार है।
महान महिलाओं से प्रेरणा
उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, अवंती बाई जैसी वीरांगनाओं और कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स जैसी आधुनिक युग की महिलाओं का उदाहरण देते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया, मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना बेहद जरूरी है। इससे निर्णय प्रक्रिया में संतुलन और समाज के समग्र विकास को गति मिलेगी।
सरकार की योजनाएं और पहल
उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है। वर्ष 2026 को “महतारी गौरव वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, राज्य में स्व-सहायता समूहों और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। पंचायत स्तर पर भी उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
समग्र विकास का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सशक्तिकरण केवल एक नीति नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने सभी से सहयोग और संवेदनशीलता के साथ इस दिशा में कार्य करने की अपील की।




