CG News: बोर्ड टॉप-10 में जगह बनाने वाली महेश्वरी कोर्राम को मिला ₹2 लाख का प्रोत्साहन, CM साय ने किया सम्मानित
CG News: उत्तर बस्तर कांकेर जिले की मेधावी छात्रा महेश्वरी कोर्राम को कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य शासन द्वारा विशेष सम्मान और आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में छात्रा को सम्मानित करते हुए कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की।

बोर्ड परीक्षा में हासिल किया प्रदेश में 10वां स्थान
महेश्वरी कोर्राम ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर माध्यमिक शिक्षा मंडल की टॉप-10 सूची में दसवां स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर राज्य सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत प्रोत्साहित किया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा को मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 1 लाख रुपये की शिक्षा सहायता राशि प्रदान की। इसके अलावा दोपहिया वाहन (स्कूटी) खरीदने के लिए भी 1 लाख रुपये का अनुदान दिया गया।
श्रमिक परिवार से हैं महेश्वरी
श्रम विभाग के अधिकारियों के अनुसार कांकेर जिले के चारामा विकासखंड के ग्राम कानापोड़ निवासी महेश्वरी कोर्राम की माता श्रीमती अनिता कोर्राम पंजीकृत श्रमिक हैं। वे भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत हैं। इसी पात्रता के आधार पर छात्रा को योजना का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, श्रमायुक्त हिमशिखर गुप्ता, मंडल के सचिव गिरीश रामटेके सहित श्रम विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
राज्य सरकार की यह योजना श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। महेश्वरी की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
