Jashpur News: ‘आशीर्वाद का एक दीया’ से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान, जिलेभर में दिखी जनभागीदारी
Jashpur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जशपुर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई. अभियान के पहले दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ. जिले में कुल 5 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया, जिसके तहत शहर से लेकर गांव तक लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित किए.

रणजीता स्टेडियम में जले 65 हजार से ज्यादा दीप
जशपुर शहर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 65 हजार से अधिक दीप जलाए गए. विधायक रायमुनी भगत, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने इसमें हिस्सा लिया. दीपों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया. यहां प्रधानमंत्री आवास योजना की आकृति भी दीपों से बनाई गई, जिसमें ‘5,16,50,297 आवास राष्ट्र को समर्पित’ का संदेश प्रदर्शित किया गया.

1.40 लाख से ज्यादा महिलाओं ने घरों में जलाए दीप
कार्यक्रम सिर्फ जशपुर शहर तक सीमित नहीं रहा. जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए. स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 1 लाख 40 हजार से अधिक महिलाओं ने अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में भागीदारी की. जिले में 12 हजार से अधिक स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे कृषि सखी, पशु सखी, मुद्रा लोन समेत विभिन्न गतिविधियों से जुड़ी महिलाएं शामिल हैं.

बगिया में योजनाओं की दीपों से झांकी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह ग्राम बगिया में भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम हुआ. यहां श्रीराम मंदिर, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना समेत विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को दीपों से सजाया गया. मनोरा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सन्ना में ‘पीएम जनमन’ की थीम पर दीप सजाए गए. बगिया में स्थानीय महिलाओं ने दीप जलाकर केक काटा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
17 अक्टूबर तक जारी रहेगा सेवा संकल्प अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जशपुर जिले में चलेगा. अभियान के तहत भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता, पौधरोपण, स्वच्छता जागरूकता, जिला प्रदर्शनी, सड़क सुरक्षा सप्ताह, बाइक रैली, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. प्रशासन के अनुसार अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है.


One Response