Jashpur News: जशपुर में सती तालाब और पार्क का होगा कायाकल्प, 4.17 करोड़ की तकनीकी स्वीकृति
Jashpur News: जशपुरनगर शहर के बीच स्थित सती उद्यान तालाब और पार्क का जल्द कायाकल्प किया जाएगा. शहरवासी इसे डोंगा तालाब के नाम से भी जानते हैं. राज्य सरकार से परियोजना के लिए 4 करोड़ 17 लाख रुपए की तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नगर पालिका ने निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है. लंबे समय से शहरवासी तालाब और पार्क के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे.

तालाब की सफाई और गहरीकरण होगा
परियोजना के तहत तालाब का पानी पूरी तरह खाली कर जलीय खरपतवार और गाद की सफाई की जाएगी. इसके बाद तालाब का गहरीकरण किया जाएगा, जिससे इसकी जलधारण क्षमता में सुधार हो सके. भविष्य में जलीय खरपतवार के अधिक फैलाव को रोकने के लिए भी उचित उपचार किया जाएगा. नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत के मुताबिक, स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था.
घाट, पाथवे और लाइटिंग समेत कई काम
सती उद्यान पार्क का भी जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा. परियोजना में घाट और पक्की सीढ़ियों की मरम्मत, पेवर ब्लॉक पाथवे, टो वॉल, रिटर्निंग वॉल, बाउंड्रीवाल और फेसिंग जैसे काम शामिल हैं. इसके अलावा पौधारोपण, हाईमास्ट लाइट, सोलर स्ट्रीट लाइट, सिटिंग चेयर, वाटर फिल्टर और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.
धार्मिक आस्था से जुड़ा है सती उद्यान
महाराजा चौक के पास स्थित सती उद्यान तालाब शहर की धार्मिक आस्था और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा हुआ है. तालाब को शहर के जलस्तर को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव स्मृति छठ घाट और शक्ति पूजा स्थल मौजूद हैं. शारदेय नवरात्र के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना होती है. तालाब के किनारे वृक्ष गंगा और पार्क में समाधि स्थल भी स्थित है.
पार्क में लगेगी शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव की प्रतिमा
पार्क के जीर्णोद्धार के बाद शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव की आदमकद प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी. नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत के अनुसार, शहर के विकास में उनके योगदान को यादगार बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और छठ पूजा के बाद तालाब के जीर्णोद्धार का काम शुरू किया जाएगा.


One Response