Jashpur News: छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज की शुरुआत, 120 छात्राओं को मिलेगा प्रशिक्षण, CM साय ने किया शुभारंभ
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम पंचायत आरा में प्रदेश के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज की शुरुआत हो गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस संस्थान का विधिवत शुभारंभ किया. यहां छात्राओं को दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा. कॉलेज की सभी 120 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. खास बात यह है कि प्रवेश लेने वाली करीब 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं. संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. यहां सैद्धांतिक पढ़ाई के साथ अस्पतालों में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

प्रशिक्षण के बाद रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था
इस नर्सिंग कौशल कॉलेज का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार के लिए भी तैयार करना है. दो साल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्राओं को अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. इससे खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की युवतियों को नर्सिंग क्षेत्र में अपना करियर बनाने का अवसर मिलेगा.

नर्सिंग मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम: CM साय
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉलेज के पहले बैच की सभी 120 छात्राओं को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के अवसर पर इस संस्थान की शुरुआत जशपुर के लिए गौरव का विषय है. मुख्यमंत्री ने छात्राओं से पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण हासिल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार प्राप्त करने का जरिया नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है. मरीजों की देखभाल, उपचार और उनकी जान बचाने में नर्सों की भूमिका डॉक्टरों के समान ही अहम होती है.

प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 से अधिक हुई
मुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो चुकी है. इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज भी शुरू किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि जशपुर जिले के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज का स्थायी भवन चरईडांड में बनाया जाएगा. फिलहाल यह संस्थान झरगांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के भवन से संचालित हो रहा है.

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के साथ-साथ प्रदेश में विकास कार्यों को भी मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 नए आवास बनाए जा रहे हैं. वहीं, इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं, जिसके बाद प्रदेश में इनकी कुल संख्या बढ़कर 3100 हो गई है. किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की पात्रता के अनुसार लाभ दिया जा रहा है.
कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
कार्यक्रम में पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन प्रभात कुमार ने संस्थान की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है. उन्होंने बताया कि प्रचेत फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन का गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम है. इसके माध्यम से जनजातीय, वंचित वर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद समुदायों को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है.

One Response