जल जन सेवा संकल्प यात्रा: चार राज्यों के 700 से अधिक गांवों तक पहुँचाया सेवा और राष्ट्रहित का संदेश, मुख्यमंत्री साय ने की सराहना
जल जन सेवा संकल्प यात्रा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 7 अक्टूबर तक चली ‘जल जन सेवा संकल्प यात्रा’ को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छत्तीसगढ़ लौटे सेवा तीर्थ यात्रियों के सम्मान में राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में एक भव्य सम्मान समारोह एवं सहभोज का आयोजन किया गया, जहाँ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों ने यात्रियों के सेवाभाव, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प की भूरी-भरी प्रशंसा की.

चार राज्यों और 72 जिलों में तय किया गया सेवा का सफर
वाराणसी की पावन धरती से शुरू होकर गुजरात के वडनगर तक पहुँची यह 21 दिवसीय यात्रा धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना का अनूठा संदेश लेकर आगे बढ़ी, जिसके दौरान उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए यात्रियों ने कुल 72 जिलों, 130 तहसीलों और 700 से अधिक गांवों तक पहुंचकर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रसेवा का संदेश जन-जन तक प्रसारित किया.

सीएम हाउस में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
छत्तीसगढ़ आगमन पर आयोजित इस सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर, प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडेय, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा, जगदीश रामु रोहरा, धमतरी महापौर अमन प्रताप, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल पाण्डेय और प्रदेश मंत्री सन्नी केसरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने सभी यात्रियों का स्वागत कर उनके योगदान को सराहा तथा सहभोज के माध्यम से युवाओं के बीच आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूती दी.
युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना का संचार
यात्रा प्रभारी दीपक साहू ने चर्चा के दौरान बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समाज के प्रति उनके दायित्वों से जोड़ना तथा जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाना था, और छत्तीसगढ़ लौटने के बाद मुख्यमंत्री निवास में मिला यह सम्मान युवाओं के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर रहा, जिसने राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने वाले सभी सेवा तीर्थ यात्रियों का उत्साह और अधिक बढ़ा दिया है.


One Response