CG News: खाली लौटने वाली मालगाड़ियों में लोडिंग पर 20% तक की छूट
CG News: रेलवे ने माल ग्राहकों को राहत देने के लिए नई व्यवस्था लागू की है. इसके तहत खाली लौटने वाली मालगाड़ियों में माल लोड कराने पर सामान्य माल भाड़े में 15 से 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी. इस योजना का उद्देश्य खाली चलने वाली मालगाड़ियों की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करना और उद्योगों तथा व्यापारियों के लिए रेल से माल भेजने की लागत कम करना है.

खाली दिशा में माल लदान को मिलेगा बढ़ावा
रेलवे के कई रूट पर मालगाड़ियां एक दिशा में सामान लेकर जाती हैं और माल उतारने के बाद दूसरी दिशा में खाली लौटती हैं. नई व्यवस्था के तहत ऐसी वापसी दिशा में उपलब्ध क्षमता का इस्तेमाल माल ढुलाई के लिए किया जाएगा. इससे ग्राहकों को कम किराए में अपने उत्पादों को अलग-अलग शहरों और बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा.
एक साल तक लागू रहेंगे संशोधित नियम
परंपरागत खाली प्रवाह दिशा योजना के संशोधित प्रावधान 1 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक प्रभावी रहेंगे. अधिसूचित खाली प्रवाह दिशाओं में पात्र माल की बुकिंग पर 15 से 20 प्रतिशत तक की माल भाड़ा छूट दी जाएगी. हालांकि, इसका लाभ रेलवे द्वारा निर्धारित पात्रता और अन्य शर्तों को पूरा करने वाले माल पर ही मिलेगा.
ग्राहकों को अलग आवेदन की जरूरत नहीं
योजना के तहत पात्र खेप पर मिलने वाली छूट रेलवे की व्यवस्था के जरिए लागू की जाएगी. ग्राहकों को हर पात्र खेप के लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. छूट केवल निर्धारित खाली प्रवाह दिशाओं और पात्र माल पर लागू होगी. संबंधित रूट, माल की पात्रता और छूट की दर रेलवे के तय नियमों के अनुसार निर्धारित होगी.
रोजाना चलती हैं सैकड़ों मालगाड़ियां
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में माल ढुलाई का बड़ा नेटवर्क है. रायपुर मंडल से रोजाना 120 से अधिक मालगाड़ियों का संचालन होता है, जबकि रायपुर, नागपुर और बिलासपुर मंडलों को मिलाकर करीब 500 मालगाड़ियां प्रतिदिन चलती हैं. ऐसे में खाली लौटने वाली ट्रेनों की क्षमता का उपयोग होने से रेलवे की माल ढुलाई और ग्राहकों दोनों को फायदा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: जोरा-टाटीबंध-कुम्हारी मार्ग पर लागू होगा लेनिंग सिस्टम, जाम से मिलेगी राहत



